सीरिया की जेल से 200 आईएस लड़ाके फरार
सीरिया के पूर्वी हसाका प्रांत की अल-शद्दादी जेल से लगभग 200 इस्लामिक स्टेट (आईएस) लड़ाके फरार हो गए हैं। यह घटना कुर्द नेतृत्व वाली सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेस (SDF) और सीरियाई सरकार के बीच जेल नियंत्रण हस्तांतरण के दौरान हुई अफरा-तफरी के बीच घटी।
अमेरिकी अधिकारियों और क्षेत्रीय सूत्रों के अनुसार, यह घटना सोमवार को हुई। इससे पहले रविवार को हुए एकीकरण समझौते के तहत एसडीएफ ने दो अरब-बहुल प्रांतों से हटने पर सहमति जताई थी, जिन पर वह लंबे समय से नियंत्रण रखे हुए थी।
समझौते के अनुसार, आईएस कैदियों वाली जेलों की जिम्मेदारी एसडीएफ से सीरियाई सरकार को सौंपी जानी थी। लेकिन नियंत्रण परिवर्तन के दौरान सुरक्षा में चूक के कारण कैदी भागने में सफल रहे।
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और फरार लड़ाकों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है।