नेपाल के होटल में आग: उत्तर प्रदेश की भारतीय महिला की मौत
काठमांडू, नेपाल: नेपाल में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच एक होटल में आग लगने से एक भारतीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी राजेशदेवी गोला के रूप में हुई है। उनके पति रामबीर सिंह गोला गंभीर रूप से घायल हैं।परिवार के अनुसार, राजेशदेवी और रामबीर 7 सितंबर को काठमांडू पहुंचे थे और एक होटल में ठहरे थे। उन्होंने एक सप्ताह की यात्रा की योजना बनाई थी। लेकिन देश लौटने से पहले ही नेपाल में विरोध प्रदर्शनकारी होटल तक पहुँच गए और तोड़फोड़ की।काठमांडू में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन सहित सरकारी भवनों को नुकसान पहुंचाया और आग लगाई। होटल पर भी हमला किया गया। यह दंपती होटल की चौथी मंजिल पर थे। डर के मारे उन्होंने चादर और कपड़े जोड़कर रस्सी बना कर नीचे उतरने की कोशिश की। इस दौरान राजेशदेवी रस्सी से गिर गईं और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही मृत्यु हो गई। रामबीर को गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया।दंपती के पुत्र विशाल गोला ने बताया, “पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन के बाद 9 सितंबर की रात होटल में माता-पिता आराम कर रहे थे। रात 11:30 बजे के करीब, प्रदर्शनकारियों ने होटल में घुसकर आग लगा दी। वे चौथी मंजिल पर फंस गए। चादर से बनाई गई रस्सी से उतरने की कोशिश में मेरी मां गिर गईं। बाद में सेना की एक जीप आई और उन्हें बचाया।”गाजियाबाद के अतिरिक्त जिलाधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि भारतीय दंपती की जानकारी मिलते ही आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। महिला के शव को भारत लौटाने के लिए सभी सहायता प्रदान की जा रही है।नेपाल में विरोध प्रदर्शन के कारण यह भारतीय नागरिक की पहली मौत है।